झांसी । वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में आयोजित सात दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर का कटे-फटे होंठ एवं तालू से पीड़ित 80 से अधिक बच्चों के सफल ऑपरेशन के साथ समापन हो गया। वीरांगना फाउंडेशन और ऑपरेशन स्माइल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान ने बच्चों को नया आत्मविश्वास और मुस्कुराने की नई वजह दी।
शिविर से पूर्व झांसी एवं आसपास के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्क्रीनिंग एवं सर्वे अभियान चलाया गया। उपचार की आवश्यकता वाले बच्चों को चिन्हित कर विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उनके ऑपरेशन किए गए। अभियान की सभी चिकित्सा सुविधाएं बच्चों और उनके परिजनों को पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
समापन समारोह में सांसद अनुराग शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी पूनम शर्मा ने अभियान में योगदान देने वाले विभिन्न देशों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों, ऑपरेशन स्माइल की टीम, नर्सिंग स्टाफ, वॉलंटियर्स और मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। शिविर को सफल बनाने में दिन-रात जुटे चिकित्सकों से लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों तक के योगदान को सराहा गया।
सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि दूसरी बार आयोजित इस अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के विशेषज्ञों और स्थानीय मेडिकल टीम के सामूहिक प्रयासों ने इस अभियान को सफल बनाया। भविष्य में भी इस सेवा मिशन को निरंतर जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।
पूनम शर्मा ने कहा कि बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लौटाना उनके लिए अत्यंत भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने ऑपरेशन स्माइल एवं मेडिकल कॉलेज की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने में मिले मार्गदर्शन और सहयोग के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा तथा प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक का धन्यवाद किया।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. सुधीर कुमार ने कहा कि शिविर के दौरान विदेशी विशेषज्ञों और स्थानीय चिकित्सकीय टीम के बीच अनुभवों एवं नई तकनीकों का आदान-प्रदान हुआ। इससे मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को भी व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला।
शिविर प्रभारी डॉ. अभिषेक मिश्रा ने अभियान को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य प्रो. सुधीर कुमार, सीएमएस डॉ. सचिन माहौर, ऑपरेशन स्माइल के वाइस प्रेसिडेंट अभिषेक सेन गुप्ता सहित उनकी टीम, वरिष्ठ चिकित्सक, विभिन्न देशों से आए विशेषज्ञ, नर्सिंग स्टाफ, वॉलंटियर्स एवं मेडिकल कॉलेज के कर्मचारी उपस्थित रहे।
सात दिनों तक चला यह अभियान केवल चिकित्सा सेवा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामूहिक प्रयास और संवेदना के माध्यम से दर्जनों बच्चों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार कर गया।
