झांसी। आगामी चुनावों और संगठनात्मक अभियानों की तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बूथ स्तर तक संगठन की मजबूती पर फोकस तेज कर दिया है। इसी क्रम में भाजपा झांसी महानगर जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने सीपरी और सिविल लाइंस मंडल में संगठनात्मक सत्यापन एवं समीक्षा कर जमीनी हकीकत परखी। महानगर के सभी 12 मंडलों के सत्यापन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
भाजपा कार्यालय में आयोजित सिविल लाइंस मंडल की बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने मंडल कार्यकारिणी, कार्यसमिति, शक्ति केंद्र संयोजकों और बूथ समितियों की सक्रियता की समीक्षा की। बैठक की शुरुआत महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
बैठक में मंडल कार्य समिति सत्यापन एवं प्रवास योजना की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी नेतृत्व के निर्देशों के तहत सभी मंडलों का शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक बूथ की संगठनात्मक स्थिति का आकलन करने के साथ सामाजिक समीकरणों और प्रमुख जातीय समूहों की प्रभावशीलता का भी अध्ययन किया जाएगा।साथ ही बूथ और मंडल स्तर पर विपक्षी दलों के सक्रिय एवं प्रभावशाली नेताओं की सूची तैयार कर उनके प्रभाव क्षेत्र और गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। सत्यापन की पूरी रिपोर्ट 5 सितंबर तक संगठन को सौंपना अनिवार्य किया गया है।
जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह ने कहा कि आगामी चुनावी समर को देखते हुए भाजपा पूरी तरह सक्रिय मोड में आ चुकी है। पार्टी की असली ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन है। उन्होंने कहा कि “बूथ जीतो, चुनाव जीतो” के मूलमंत्र के साथ प्रत्येक बूथ को सक्रिय और सशक्त बनाया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रत्येक मंडल की 60 सदस्यीय कार्यसमिति की सक्रियता का सत्यापन किया जाएगा। निष्क्रिय पदाधिकारियों के स्थान पर जरूरत पड़ने पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। कार्यकर्ताओं के नियमित प्रवास, शक्ति केंद्रों की मजबूती और पार्टी के अभियानों को बूथ स्तर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
मंडल प्रभारी अभिषेक जैन ने आगामी कार्यक्रमों और सत्यापन योजना के विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का आभार मंडल अध्यक्ष अनुज नीखरा ने व्यक्त किया।
बैठक में जिलाध्यक्ष सुधीर सिंह, जिला प्रवासी एवं पूर्व जिलाध्यक्ष औरैया भुवन प्रसाद गुप्ता, जिला महामंत्री विकास कुशवाहा, सीपरी मंडल प्रभारी विनीत खटीक, सिविल लाइन मंडल प्रभारी अभिषेक जैन सहित मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
