झांसी 24 अगस्त। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरूवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर सीधा हमला करते हुए कहा कि यह पार्टी अब केवल सैफई तक ही सिमट कर रह जायेगी क्योंकि पिछड़ा वर्ग अब जाग गया है।
यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए उपमुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि अखिलेश यादव सत्ता के बिना बेचैन हैं। जिस पिछड़ा वर्ग को अभी तक वह दुरुपयोग करते आए हैं, वह पिछड़ा वर्ग अब जाग गया है। सपा सैफई तक सिमट कर रह जायेगी। सपा पार्टी अब सफा पार्टी बन गई है। दूसरी ओर भाजपा चार करोड़ गरीबों को आवास देकर, लाखों करोड़ों किसानों को किसान सम्मन निधि देते हुए सब का विकास चाहती है। भाजपा में 2047 तक का एजेंडा तय हो चुका है। यह सब यूं ही बातें करते रह जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रयास सबका साथ,सबका विकास है। उत्तर प्रदेश में पार्टी 2024 में अब 73 से 80 सीटों तक पहुंचने में सफल रहेगी। झांसी और काशी समेत प्रदेश की सभी सीटों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विजय मिलेगी। जिस तरह से राजस्थान,गुजरात, उत्तराखंड उन्हें प्रधानमंत्री बनने के लिए सहयोग देता है, उत्तर प्रदेश भी देगा।
चंद्रयान को लेकर पूछे गये एक सवाल के जवाब में चंद्रयान-3 की सफलता के लिए सभी वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं दी और कहा कि जब चंद्रयान-2 असफल हुआ था तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैज्ञानिकों के साथ मजबूती से खड़े रहे और उन्होंने वैज्ञानिकों से कहा था-असफलता एक चुनौती है स्वीकार करो, क्या कमी रह गई देखो और सुधार करो। उन्होंने इस अभूतपूर्व सफलता का श्रेय देश के 140 करोड़ लोगों को दिया।
उपमुख्यमंत्री ने झांसी में अमृत सरोवरों पर किये गये बेहतरीन कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि इसके लिए झांसी के लोग बधाई के पात्र हैं और जो गांव अछूते हैं। उन्हें संतृप्त किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सावधान करते हुए कहा कि थाना,तहसील व ब्लॉक पर ठीक तरह से अधिकारी जनता की समस्याओं को यदि सुन ले तो कोई भी समस्या नहीं रहेगी। इसके लिए उन्होंने अधीनस्थों को निर्देशित भी किया।
इस अवसर पर उनके साथ सांसद अनुराग शर्मा,जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम आदि तमाम अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री यहां बुंदेलखंड कावड़ यात्रा में शामिल होने और कानपुर तथा झांसी नगर निगम के सभासदों के प्रशिक्षण वर्ग में हिस्सा लेने आये हैं ।
वैभव सिह
बुंदेलखंड कनेक्शन