झांसी 16 नवंबर । उत्तर प्रदेश के अमेठी में खेली गयी 31वीं राज्य स्तरीय मास्टर एथलेटिक चैंपियनशिप प्रतियोगिता में झांसी नगर के वरिष्ठ एथलीटों ने खेल के मैदान पर पूरा दमखम दिखाते हुए तीन गोल्ड सहित 18 मेडलों पर कब्जा किया।
यह प्रतियोगिता अमेठी के भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में संपन्न हुई और प्रतियोगिता के संपन्न होने के बाद अमेठी के जिलाधिकारी राकेश मिश्रा ने सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया।
झांसी के मिश्रीलाल लाल ने 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग 110 मी.हर्डल दौड़ में पहला स्थान प्राप्त कर स्वर्ण और 400 मी.दौड़ में कांस्य पदक,यू.एन. सिंह ने हेमर थ्रो में रजत पदक,एडवोकेट आर. एस. रजक ने 200 मी.दौड़ में रजत पदक और 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता।
55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में हरविंदर कुमार ने110 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक और 5 किलोमीटर वॉक रेस में रजत पदक जीता। राम सिंह ने इसी आयु वर्ग के डिस्कस थ्रो इवेंट में रजत पदक जीता।
चेतराम ने 65 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की दस हजार मीटर और पांच हजार मीटर दौड़ में रजत पदक जीता।
55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में जनार्दन शुक्ला ने 5 किलोमीटर दौड़ में रजत पदक और जेवलिन थ्रो में काँस्य पदक जीता।
वही 30वर्ष से अधिक आयुवर्ग की महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा मे सविता ने स्वर्ण स्वर्ण पदक और डिस्कस व 100 मी दौड़ में कांस्य पदक जीता। वही बलविन्दर कौर ने 100 मी दौड़,110 मी हर्डल रेस और शॉट पुट में रजत पदक जीता।