झांसी। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह बुधवार दोपहर ललितपुर जनपद के तालबेहट क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर हुए सड़क हादसे में घायल हो गए। उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद उन्हें तत्काल झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उनका उपचार कर रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल मच गई। डीएम और एसएसपी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंच गए हैं।

फिलहाल दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार किरण देव सिंह की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बबीना विधायक राजीव सिंह परीछा ने बताया कि छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह अपने परिवार के साथ दर्शन के लिए आए थे। दर्शन के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी ललितपुर के तालबेहट क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 ) पर दुर्घटना हो गई। हादसे में घायल होने के बाद उन्हें तत्काल झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है ।
