झांसी। झांसी रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी झांसी को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3.206 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।

जीआरपी के अनुसार, बुधवार को रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1/7 पर दिल्ली छोर की ओर स्थित ई-बिन के पास संदिग्ध युवक की घेराबंदी कर उसे दबोच लिया गया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 3.206 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रणजीत धनगर पुत्र मांगीलाल, निवासी ग्राम चांदाखेड़ी, थाना भाऊगढ़, जिला मंदसौर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके तस्करी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक रेलवे झांसी के नेतृत्व एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे के पर्यवेक्षण में जीआरपी थाना झांसी और अनुभागीय क्यूआरटी टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई। अधिकारियों का कहना है कि रेलवे मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
