झांसी। जनपद के गुरसरांय निवासी एवं सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिसरत अधिवक्ता निमिष अडजरिया को नई दिल्ली स्थित लीला पैलेस में आयोजित एक भव्य समारोह में वर्ष 2026 का “उभरता हुआ सितारा” पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें वकालत के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

पारुल यूनिवर्सिटी, वडोदरा (गुजरात) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति संजय करोल ने निमिष अडजरिया को सम्मानित किया। पुरस्कार के लिए उनका ऑनलाइन इंटरव्यू 13 जून 2026 को आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम में दिल्ली हाई कोर्ट के न्यायाधीश तेजस कारिया, गुजरात हाई कोर्ट के न्यायाधीश मौलिक जितेंद्र शेलट, न्यायमूर्ति दीप्तेंद्र नारायण रे तथा न्यायमूर्ति नेरानाहल्ली श्रीनिवासन संजय गौड़ा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर पारुल यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष डॉ. दीवांशु पटेल, एनसी लीगल लॉ फर्म की सीईओ निवेदिता चौहान एवं प्रोफेसर शुभांक खरे भी मौजूद रहे।
निमिष अडजरिया को सम्मानित किए जाने पर श्री राम सेवा समिति के अध्यक्ष एवं गायत्री परिवार के संयोजक अधिवक्ता सतीश चंद्र चौरसिया सहित समिति के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने माता-पिता, गुरुजनों, नगर और पूरे क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। समिति ने घोषणा की है कि गुरसरांय आगमन पर निमिष अडजरिया का भव्य सम्मान किया जाएगा।
