बार संघ चुनाव में घमासान

टहरौली बार संघ चुनाव में घमासान, वैधता और पारदर्शिता को लेकर उठे सवाल

/
झांसी। जनपद में टहरौली बार संघ का आगामी चुनाव इस बार केवल पदाधिकारियों के चयन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह बार संघ की वैधता, पारदर्शिता और अस्तित्व से जुड़ा एक बड़ा मुद्दा बनता दिखाई दे रहा है।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही अधिवक्ता समुदाय दो स्पष्ट गुटों में बंटता नजर आ रहा है। आरोप-प्रत्यारोप और विरोध के बीच बार परिसर का माहौल लगातार तनावपूर्ण होता जा रहा है।

पिछले करीब पंद्रह दिनों के दौरान दो वरिष्ठ अधिवक्ताओं के बीच दो बार सार्वजनिक रूप से हाथापाई और मारपीट की घटनाओं ने पूरे बार परिसर में चर्चा का विषय बना दिया है। जिस परिसर को कानून और संयम की मिसाल माना जाता है, वहां हुई इन घटनाओं ने अधिवक्ताओं के बीच बढ़ती खींचतान को उजागर कर दिया है। इस घटनाक्रम के बीच निवर्तमान पदाधिकारियों और एल्डर्स कमेटी की चुप्पी पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

एल्डर्स कमेटी द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 30 जून और 1 जुलाई को नामांकन प्रक्रिया होगी। इसके बाद 2 से 4 जुलाई तक आपत्तियां दर्ज की जाएंगी, 6 जुलाई को नाम वापसी होगी, 7 जुलाई को वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी तथा 15 जुलाई को मतदान और मतगणना कराई जाएगी।

युवा अधिवक्ता एड. रीतेश मिश्रा “राघवेन्द्र” ने चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए उत्तर प्रदेश बार काउंसिल से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि टहरौली बार संघ को आज तक उत्तर प्रदेश बार काउंसिल से विधिवत संबद्धता प्राप्त नहीं हुई है, इसके बावजूद वर्षों से चुनाव कराए जाते रहे हैं। यह स्थिति चुनाव प्रक्रिया की वैधानिकता पर ही प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।

एड. मिश्रा का आरोप है कि बार संघ के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने संबद्धता प्राप्त करने के लिए कभी गंभीर प्रयास नहीं किए और चुनावी प्रक्रिया कुछ प्रभावशाली लोगों के नियंत्रण में चली गई है।  उनका आरोप है कि अन्य बार संघों के मतदाताओं के नाम भी टहरौली बार संघ की मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। यदि यह आरोप सही साबित होते हैं तो चुनाव की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न खड़े हो सकते हैं।

चुनाव प्रक्रिया को लेकर वरिष्ठ अधिवक्ता चन्द्रभान सिंह (सी.बी.) भी पहले ही अपनी आपत्तियां दर्ज करा चुके हैं। वहीं, युवा अधिवक्ता अमित कुमार शर्मा ने भी कथित अनियमितताओं का विरोध करते हुए नियमानुसार चुनाव कराने की मांग की है। इससे स्पष्ट है कि चुनाव को लेकर असंतोष अब कुछ व्यक्तियों तक सीमित नहीं रह गया है।

बार संघ के भीतर बढ़ती खींचतान, चुनाव प्रक्रिया पर उठते सवाल और अधिवक्ताओं के बीच बढ़ती दूरियां इस ओर संकेत कर रही हैं कि यदि समय रहते विवाद का समाधान नहीं निकला, तो यह चुनाव केवल नए पदाधिकारियों के चयन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि टहरौली बार संघ की एकता और लोकतांत्रिक परंपरा की भी बड़ी परीक्षा साबित हो सकता है।

अब सभी की निगाहें उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के रुख और आगामी चुनावी घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि टहरौली बार संघ में लोकतांत्रिक प्रक्रिया मजबूत होती है या विवाद और गहराता है।

वैभव सिंह

बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के डॉ. मुहम्मद नईम बने इंडियन सोशल साइंस एकेडमी के संयुक्त सचिव

Latest from Jhansi

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के डॉ. मुहम्मद नईम बने इंडियन सोशल साइंस एकेडमी के संयुक्त सचिव

झांसी। महानगर स्थित बुंदेलखंड विश्वविद्यालयके समाज कार्य विभाग के सहायक आचार्य एवं बुंदेलखंड के सामाजिक-सांस्कृतिक क्षेत्र

error: Content is protected !!