झांसी। जनपद में टहरौली तहसील की ग्राम पंचायत दरबटयाऊ में संचालित सरकारी देसी शराब की दुकान के विरोध में सोमवार को सैकड़ों महिलाओं एवं ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) टहरौली को ज्ञापन सौंपते हुए दुकान को तत्काल अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि देसी शराब की दुकान गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों का आवागमन होता है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब की दुकान के कारण क्षेत्र का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है तथा इसका प्रतिकूल प्रभाव बच्चों और युवाओं पर पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रशासन से जनहित में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि गांव के बीचो बीच संचालित शराब की दुकान से आए दिन असुविधा की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे महिलाओं और स्थानीय निवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव के हित और बच्चों के भविष्य को देखते हुए शराब की दुकान को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाना चाहिए।
वहीं, एसडीएम टहरौली ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा सौंपे गए ज्ञापन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक तथ्यों के आधार पर उचित निर्णय लिया जाएगा।
