झांसी । विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर महानगर में आयोजित विभिन्न स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों में सदर विधायक रवि शर्मा ने सहभागिता करते हुए स्वयं रक्तदान किया और लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानव जीवन की रक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है।
आईएमए भवन, झाँसी में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में विधायक रवि शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ रक्तदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि रक्त का निर्माण किसी कारखाने में नहीं किया जा सकता और न ही इसका कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध है। ऐसे में समाज के स्वस्थ एवं सक्षम लोगों को स्वेच्छा से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि एक यूनिट रक्त तीन से चार मरीजों के उपचार में सहायक हो सकता है, इसलिए रक्तदान का महत्व अत्यंत व्यापक है।
विधायक रवि शर्मा ने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे रक्तदान को सामाजिक आंदोलन का स्वरूप दें और नियमित रूप से रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति का जीवन बचाने से बड़ा पुण्य कार्य कोई नहीं हो सकता।
इसके पश्चात प्रथम पहल सामाजिक संस्था के तत्वावधान में प्रभा होटल में आयोजित रक्तदान शिविर में भी विधायक रवि शर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि समाज में संवेदनशीलता और सेवा भाव को मजबूत करने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
वैभव सिंह

बुंदेलखंड कनेक्शन
