झांसी । बुंदेलखंड के झांसी में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के पुतले

फूंके ।
मामला लोकसभा में 131वें संविधान संशोधन विधेयक के पारित न होने से जुड़ा है, जिसे लेकर महिला कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली।शहर के चर्चित आशिक चौराहे पर बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की सदस्य एकत्रित हुईं और कांग्रेस व विपक्षी दलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान जैसे ही कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाने की कोशिश की, मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।
हालांकि, पुलिस और महिला कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक खींचतान चली, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बावजूद इसके, महिला कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगा दी।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि यह विधेयक महिलाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण था और इसके पास न होने से महिलाओं को बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने विपक्षी दलों पर महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए अपना आक्रोश जताया।
फिलहाल, घटना के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन इस प्रदर्शन ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।
