झांसी । बुंदेलखंड में झांसी के समथर कस्बे में उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में एक अधेड़ व्यक्ति ने कुएं में छलांग लगा दी।

सूत्रों के अनुसार घटना कस्बे के चुंगी नाका मोहल्ले की बताई जा रही है, जहां निवासी रामबिहारी (उम्र करीब 50 वर्ष) दोपहर के समय नशे की हालत में घर के आसपास घूम रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान उसने अचानक घर के पास बने कुएं में कूद गया।
कुएं में गिरने की आवाज सुनकर और आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया । इस पर मोहल्ले के लोग तुरंत मौके पर एकत्र हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बिना देर किए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कुएं में उतरकर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद उपनिरीक्षक गंभीर सिंह द्वारा घायल अवस्था में रामबिहारी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समथर ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सा प्रभारी संगुल तिवारी ने प्राथमिक उपचार किया। जांच के बाद बताया गया कि व्यक्ति की हालत सामान्य है, जिसके चलते उपचार के बाद उसे परिजनों को सुपुर्द कर घर भेज दिया गया।
