झांसी। जनपद के मऊरानीपुर तहसील क्षेत्र में लगातार हुई बारिश से खरीफ की फसलों को हुए नुकसान को लेकर किसानों का आक्रोश सामने आया। बड़ी संख्या में किसान तहसील पहुंचे और एसडीएम मनोज कुमार एवं तहसीलदार ललित पांडेय को प्रार्थना पत्र सौंपकर फसलों का मौके पर सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।
किसानों ने कहा कि अधिक बारिश के कारण तिली, उड़द, मूंग और मूंगफली की फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। किसानों की मांग है कि प्रशासन खेतों में पहुंचकर निष्पक्ष सर्वे कराए, जिससे वास्तविक नुकसान का आकलन हो सके और पात्र किसानों को जल्द राहत मिल सके।
किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवनारायण सिंह परिहार ने कहा कि यदि किसानों को जल्द मुआवजा नहीं मिला तो किसान आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन की जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों का लगातार शोषण हो रहा है और खाद समेत कृषि से जुड़ी जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़ रहे हैं।
उन्होंने प्रशासन से बारिश से प्रभावित फसलों का निष्पक्ष सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। वहीं कुछ किसानों ने चकबंदी में दर्ज मौजों के कारण मुआवजा राशि से वंचित किए जाने का आरोप लगाया। किसानों ने प्रशासन से इस मामले की जांच कर पात्र किसानों को राहत दिलाने की मांग की।
किसानों ने कहा कि फसल बर्बादी के बाद उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि खेतों में सर्वे और खातों में मुआवजा चाहिए।
