झांसी। जनपद के उल्दन थाना क्षेत्र के ग्राम पठाकरका में एक 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव नेशनल फोर लेन हाईवे के पास जिओ पेट्रोल पंप के पीछे स्थित खेत में बिजली के खंभे के नीचे पड़ा मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान हरिशंकर पुत्र शंभू दयाल के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के पलेरा में बिरयानी का ठेला लगाकर अपना जीवनयापन करता था। बुधवार सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचे तो उन्होंने युवक का शव पड़ा देखा और तत्काल डायल 112 पर सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से कुछ दूरी पर तार काटने का औजार (कटर) और अन्य सामान बरामद हुआ। साथ ही जिस खंभे के नीचे शव मिला, वहां पास के दो-तीन बिजली खंभों के तार टूटे पाए गए।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक रात के समय तार चोरी के उद्देश्य से खंभे पर चढ़ा होगा और इसी दौरान करंट की चपेट में आकर झुलस गया, जिससे गिरकर उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी जे.पी. यादव, विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी अनिरुद्ध कुमार मौर्य और जेई सुभाष कुमार मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मऊरानीपुर भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है।
