झांसी। कॉर्पोरेट चैलेंजर ट्रॉफी सीजन-4 का शुभारंभ गुरुवार को महानगर में जीआईसी मैदान पर रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। उद्घाटन मैच में झांसी टीचर्स वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीए-11 को पांच विकेट से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीए-11 की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 123 रन बनाए। टीम की ओर से आदर्श गुप्ता ने 46, प्रदीप ने 24 और सागर अत्री ने 22 रन बनाए। झांसी टीचर्स वॉरियर्स की ओर से रवि कुशवाह ने तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम की बल्लेबाजी पर अंकुश लगाया। अजय प्रजापति ने दो तथा अजय देवा, राजू यादव और राहुल गुप्ता ने एक-एक विकेट हासिल किया।
जवाब में झांसी टीचर्स वॉरियर्स ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 14 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 124 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की जीत में शीलेन्द्र यादव ने 35, प्रभात यादव ने 27, केतन कुशवाह ने 15 और मनोज यादव ने 13 रनों का योगदान दिया। सीए-11 की ओर से प्रियंक गुप्ता ने दो विकेट लिए, जबकि आदर्श गुप्ता, विश्वास वाजपेयी और सागर अत्री को एक-एक विकेट मिला।
इससे पूर्व टूर्नामेंट का उद्घाटन जिला क्रिकेट संघ झांसी के सचिव बृजेंद्र यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में विशिष्ट अतिथि आनंद यादव और अजय यादव की मौजूदगी में पिच पर फीता काटकर किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुकाबले के दौरान मैदान पर मौजूद खेल प्रेमियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर राजेंद्र वर्मा, महेंद्र सिंह यादव, अनिल बबेले, रवि मऊ, अजय वर्मा, रवि यादव, अजेंद्र यादव, सूर्यकांत, प्रदीप, राम नारायण, मनोज यादव, राजू यादव एवं डॉ. देवेंद्र यादव सहित अन्य खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
