झांसी। शहर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। चोरों ने जिला एवं सत्र न्यायालय के मुख्य गेट पर लगे पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम को निशाना बनाया है।
12 और 13 नवंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एटीएम मशीन तोड़कर उसमें रखा कैश चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि, मशीन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त करने के बावजूद चोर नकदी निकालने में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह अधिवक्ता जब कचहरी पहुंचे तो मुख्य गेट पर लगे एटीएम की टूटी हुई मशीन देखकर हैरान रह गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही नवाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि एटीएम बूथ के आसपास 24 घंटे पुलिस की तैनाती रहती है। इसके बावजूद चोरों ने वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के अधिवक्ताओं के चैंबर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। नवाबाद थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
