स्वतंत्र देव सिंह

जल बचाएंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों का कल संवरेगा: स्वतंत्र देव सिंह

/

झांसी । जल जीवन मिशन के तहत गांव-गांव नल से जल पहुंचाने के बाद अब सरकार ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर जोर दे रही है। इसी क्रम में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को चिरगांव विकासखंड के बरल गांव में आयोजित जल अर्पण कार्यक्रम में हिस्सा लिया और ग्राम पंचायत को योजना की जिम्मेदारी सौंपी।

इसके बाद उन्होंने मोंठ विकासखंड के भूजौंद गांव में जल चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण का संदेश दिया। बरल गांव में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जलशक्ति मंत्री ने कहा कि यदि आज जल बचाया जाएगा, तभी आने वाली पीढ़ियों का कल संवरेगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने घर-घर नल से जल पहुंचाने का कार्य किया है। अब ग्रामीणों की जिम्मेदारी है कि वे पानी का सदुपयोग करने के साथ ही उसका संरक्षण भी करें।

कार्यक्रम के दौरान तेज बारिश के बावजूद जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव, जिलाधिकारी गौरांग राठी और जल निगम के अधिकारी ग्रामीणों के बीच पहुंचे। ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और घर-घर नल से जल पहुंचाने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार का आभार जताया।

जलशक्ति मंत्री ने ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत मिली सुविधा को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए ग्राम पंचायत और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

इससे पहले जलशक्ति मंत्री ने झांसी के एक निजी होटल में राज्य स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा आयोजित भूजल संवर्धन सेमिनार में हिस्सा लिया। उन्होंने भूजल संरक्षण और नदियों के पुनरोद्धार के लिए लोगों से सहयोग की अपील की। इस दौरान जल सहेलियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

 33वीं वाहिनी पीएसी में मनाया गया भू-जल सप्ताह

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!