झांसी।जनपद में 33वीं वाहिनी पीएसी के पुलिस मॉडर्न स्कूल परिसर में शनिवार को भू-जल सप्ताह 2026 के अवसर पर राष्ट्रीय जल मिशन के अंतर्गत जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का आयोजन सेनानायक अजीत कुमार सिन्हा के नेतृत्व में किया गया।
भारत सरकार द्वारा 16 जुलाई से 22 जुलाई तक भू-जल सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सात दिवसीय जल संरक्षण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य संदेश ‘जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प’ रखा गया है।
कार्यक्रम में सेनानायक अजीत कुमार सिन्हा ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पानी की हर एक बूंद का संचयन और जल शक्ति अभियान को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। पानी को अनमोल संपदा मानते हुए इसका विवेकपूर्ण उपयोग किया जाना चाहिए।
उन्होंने परिवारजनों और पड़ोसियों को भी जल के महत्व के प्रति जागरूक करने तथा पानी को व्यर्थ न बहाने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पृथ्वी हमारा घर है और इसे सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर सहायक सेनानायक सैफुद्दीन बेग, शिविरपाल मनोज कुमार श्रीवास्तव, दलनायक अनिरुद्ध कुमार, सूबेदार सैन्य सहायक धर्मराज सिंह भदौरिया सहित पुलिस मॉडर्न स्कूल के शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और वाहिनी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
