झांसी रेल मंडल

झांसी रेल मंडल में ट्रेनों की रफ्तार बढ़ी, तीन क्रॉसिंग गेट स्थायी रूप से बंद

/
झांसी। झांसी रेल मंडल में रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।  मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में विभिन्न रेलखंडों पर तकनीकी उन्नयन और सुरक्षा मानकों की पूर्ति के बाद सेक्शनल स्पीड में वृद्धि की गई है। वहीं, रेल और सड़क यातायात की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से तीन समपार फाटकों को स्थायी रूप से बंद किया गया है।

ट्रेनों की रफ्तार बढ़ी

संदलपुर–सिथौली ‘ए’ केबिन के बीच तृतीय रेल लाइन पर अधिकतम सेक्शनल स्पीड 100 से बढ़ाकर 110 और दतिया–डबरा तृतीय लाइन खंड पर गति सीमा 100 से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा की गई है।

ग्वालियर–श्योपुर रेलखंड की नवनिर्मित बड़ी लाइन में रायरू–जौरा अलापुर खंड पर गति सीमा 90 से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा और जौरा अलापुर–कैलारस खंड पर 75 से बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है।

इसके अलावा खैरार–मानिकपुर रेलखंड के बांदा–खुरहंड के बीच नवनिर्मित द्वितीय डाउन लाइन पर गति सीमा 90 से बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा तथा हेतमपुर–धौलपुर तृतीय लाइन खंड पर 80 से बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटा की गई है।

परिचालन की सुगमता और समयपालन सुधारने के लिए उदयपुरा–टीकमगढ़ खंड के एलपीजीसीएल केबिन, खैरार–मानिकपुर खंड के डिंगवाई और खुरहंड स्टेशन तथा झांसी–ग्वालियर खंड के सिथौली ‘ए’ केबिन पर विभिन्न क्रॉसओवर और कॉमन लूप लाइनों पर अनुमेय गति 15 से बढ़ाकर 30 किलोमीटर प्रति घंटा कर दी गई है।
रेल प्रशासन के अनुसार, इन तकनीकी सुधारों से ट्रेनों की औसत गति बढ़ेगी और परिचालन अधिक सुचारु होगा। इससे यात्री और मालगाड़ियों की क्षमता तथा दक्षता में वृद्धि के साथ समयपालन में भी सुधार की उम्मीद है।

तीन समपार फाटक स्थायी रूप से बंद

रेल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए झांसी मंडल में तीन समपार फाटकों को स्थायी रूप से बंद किया गया है। इनमें वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–मानिकपुर रेलखंड का समपार फाटक संख्या 476, महोबा–खजुराहो रेलखंड का फाटक संख्या 2 और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–ग्वालियर रेलखंड का फाटक संख्या 409 शामिल है।इन फाटकों के बंद होने से अनधिकृत सड़क पारगमन की संभावना कम होगी और रेल एवं सड़क यातायात की सुरक्षा और मजबूत होगी।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि झांसी मंडल यात्रियों को सुरक्षित, तेज और विश्वसनीय रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आधारभूत ढांचे के विकास, तकनीकी उन्नयन और सुरक्षा सुधारों को लगातार गति दे रहा है।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

जल बचाएंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों का कल संवरेगा: स्वतंत्र देव सिंह

Next Story

अच्छी बारिश के लिए श्री लाला हरदौल से प्रार्थना

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!