झांसी। शहर में स्वच्छ एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर नगर निगम, जल निगम और जल संस्थान के साथ लगातार मैराथन बैठकें कर रहा है। इसी क्रम में बुधवार को अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में जल निगम एवं सीयूजीएल द्वारा पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत तथा जनप्रतिनिधियों एवं पार्षदों से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को लेकर तृतीय चरण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में वार्ड संख्या 05, 15, 17, 23, 26, 28, 29, 31, 35 एवं 41 से संबंधित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अपर नगर आयुक्त ने उपस्थित पार्षदों से उनके क्षेत्रों में जल निगम एवं सीयूजीएल द्वारा खोदी गई सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति तथा अन्य नागरिक समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
अपर नगर आयुक्त ने जल निगम एवं जल संस्थान के अवर अभियंताओं को निर्देशित किया कि वे संबंधित पार्षदों के साथ स्थलीय निरीक्षण करें और जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराएं। उन्होंने खोदी गई सड़कों की मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने तथा नई पाइप लाइन बिछाने से संबंधित शेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जल संस्थान को भी निर्देशित किया गया कि पार्षदों द्वारा बताई गई पेयजल लीकेज की समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में गंदा पानी आने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं, उनका निराकरण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में नगर निगम के मुख्य अभियंता, जल संस्थान के महाप्रबंधक, जल निगम के सहायक एवं अवर अभियंता, नगर निगम के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता तथा सीयूजीएल के इंजीनियरों सहित संबंधित क्षेत्रीय पार्षद उपस्थित रहे।
