झांसी। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेल परिचालन के दौरान सतर्कता, सजगता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले 13 रेल कर्मचारियों को झांसी मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने संरक्षा पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित कर्मचारियों को सुरक्षा प्रशस्ति पत्र के साथ नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
सम्मानित रेलकर्मियों ने ड्यूटी के दौरान असाधारण सतर्कता बरतते हुए रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा गाड़ियों के संचालन के दौरान सामने आई अनियमितताओं पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई करने के लिए भी कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि रेल संचालन में सुरक्षा सर्वोपरि है। कर्मचारियों की सतर्कता और सजगता ही सुरक्षित रेल परिचालन की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से पूरी निष्ठा, सावधानी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
संरक्षा पुरस्कार पाने वालों में राम प्रकाश यादव, उप स्टेशन प्रबंधक बांदा, अतुल तिवारी, उप स्टेशन प्रबंधक परौना, हस्ती राम मीना, उप स्टेशन प्रबंधक दतिया, रामबाबू, वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर बांदा, शिव चरण, वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर ग्वालियर, प्रदीप कुमार तिवारी, वरिष्ठ गुड्स ट्रेन मैनेजर बांदा, रौशन कुमार, पॉइंट्समैन (ए) बसई, मिथिलेश कुमार सिंह, पॉइंट्स (ए) चित्रकूट धाम कर्वी, गौरव झा, पॉइंट्समैन (ए) खजराहा, गौरव सिंह, पॉइंट्समैन (ए) शिवरामपुर, नसीम मुहम्मद, पॉइंट्समैन (ए) कालपी, अमित कुमार, पॉइंट्समैन (ए) कोटरा और शैलेन्द्र मीना, पॉइंट्समैन (बी) संदलपुर शामिल रहे।
मंडल रेल प्रशासन की ओर से ऐसे कर्मचारियों के सतर्क एवं अनुकरणीय कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए नियमित रूप से संरक्षा पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इसका उद्देश्य सुरक्षित, सुचारु और निर्बाध रेल परिचालन के प्रति कर्मचारियों में सजगता एवं जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करना है।
