झांसी कृषि विश्वविद्यालय

किसानों की आय बढ़ाने गांव-गांव पहुंचेगा झांसी कृषि विश्वविद्यालय

//

झांसी। बुंदेलखंड के किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय गांव-गांव तक पहुंचेगा। बुधवार को विश्वविद्यालय में आयोजित प्रसार शिक्षा परिषद की छठवीं बैठक में कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने वैज्ञानिकों को विश्वविद्यालय द्वारा विकसित 11 कृषि मॉडल किसानों के खेतों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने कहा:

बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति ने कहा कि बुंदेलखंड में गेहूं, मूंगफली सहित विभिन्न फसलों की खेती बढ़ाने की संभावनाएं हैं। इसके लिए जल संरक्षण, उन्नत बीज, मृदा परीक्षण और प्राकृतिक खेती पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। गांव, विकासखंड और जिले के स्तर पर फसल योजना तैयार कर किसानों को वैज्ञानिक तकनीकों का लाभ पहुंचाया जाए।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अटारी, जबलपुर के निदेशक डॉ. एसआरके सिंह ने वर्षा जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण पर जोर देते हुए कृषि सहायता केंद्र विकसित करने तथा किसान से किसान तक तकनीक पहुंचाने का सुझाव दिया। वहीं, परिषद से जुड़े डॉ. बर्मन ने कृषि उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना, एकीकृत कृषि प्रणाली और जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देने की बात कही।

निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. सुशील कुमार सिंह ने बताया कि इस वर्ष प्रथम पंक्ति प्रदर्शन कार्यक्रम के तहत 400 किसानों को गेहूं के उन्नत बीज उपलब्ध कराए गए हैं।

विश्वविद्यालय द्वारा फसल उत्पादन, फल-सब्जी, पशुपालन और मत्स्य पालन के क्षेत्र में भी किसानों को प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। वर्ष 2026-27 में प्राकृतिक खेती, श्रीअन्न, सूक्ष्म सिंचाई और व्यावसायिक कृषि को बढ़ावा देने के साथ लगभग 250 लोगों को प्रमाणपत्र आधारित प्रशिक्षण देने की योजना है।

बैठक में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग, नाबार्ड, कृषि अनुसंधान संस्थानों, सामाजिक संगठनों और प्रगतिशील किसानों के प्रतिनिधियों ने दलहन उत्पादन, उन्नत बीज, बकरी पालन, हरी खाद, सब्जी उत्पादन और कृषि आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा देने के सुझाव दिए।

कुलपति ने सभी सुझावों को कार्ययोजना में शामिल करने का आश्वासन देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य वैज्ञानिक अनुसंधान का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाना है।

वैभव सिंह

बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

विधायक खेल स्पर्धा में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

Next Story

नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए भाजपा ने बनाई चरणबद्ध रणनीति

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!