झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज पाण्डेय ने वीरांगना नगरी झांसी में कहा कि ब्राह्मण समाज सनातन संस्कृति की रीढ़ रहा है और देश की सांस्कृतिक एवं सामाजिक चेतना को संरक्षित रखने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

कैबिनेट मंत्री के आगमन पर भव्य नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।भगवान परशुराम सेवा संस्थान ब्राह्मण समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष अखिलेश तिवारी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में रवि शर्मा तथा डॉ. बाबूलाल तिवारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री पाण्डेय ने कहा कि ब्राह्मण समाज सनातन संस्कृति की रीढ़ रहा है और देश की सांस्कृतिक एवं सामाजिक चेतना को संरक्षित रखने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। समाज को एकजुट रहकर सकारात्मक कार्यों को आगे बढ़ाना चाहिए तथा चुनौतियों के बावजूद समाजहित में कार्य करते रहना चाहिए।
सदर विधायक रवि शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। आज का युवा जल्द सफलता पाने की होड़ में गलत रास्तों की ओर आकर्षित हो रहा है, जबकि बड़े लक्ष्य लंबे संघर्ष और निरंतर मेहनत से हासिल होते हैं।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक अंचल अरजरिया ने किया। उन्होंने संस्थान की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि भगवान परशुराम सेवा संस्थान न्यास समाजसेवा और सांस्कृतिक जागरूकता के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर मंत्री एवं अतिथियों को पगड़ी, शॉल, फरसा और तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संरक्षक मैथिली मुद्गल, डॉ. दिलीप शर्मा, संजीव श्रृंगी ऋषि, अर्पित शर्मा, चंचल मिश्रा, प्रशांत रिछारिया, विवेक, पंकज, महेश गौतम, देवेंद्र रावत सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। अंत में आभार रविकांत मिश्रा एवं गुड्डू शर्मा ने व्यक्त किया।
