झांसी। जनपद में इंफ्लुएंजा-ए एच1एन1 ने दस्तक दे दी है। लैब जांच में एक मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। संक्रमित मरीज बुंदेलखंड विश्वविद्यालय का छात्र है, जो मूल रूप से बामौर क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में शिवाजी नगर में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि 2 सितंबर को जांच के लिए भेजे गए सैंपलों में से एक मरीज की रिपोर्ट 3 सितंबर को इंफ्लुएंजा-ए एच1एन1 पॉजिटिव प्राप्त हुई है। छात्र को चार दिन पहले बुखार आने पर मेडिकल कॉलेज में जांच कराई गई थी।
सीएमओ के अनुसार मरीज में वर्तमान में कोई गंभीर लक्षण नहीं हैं। उसे निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत समुचित उपचार उपलब्ध कराया गया है और होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीज के परिजनों के पास पहुंचकर परिवार के अन्य सदस्यों में बीमारी के लक्षणों की जांच करेगी।
सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी ने जनपदवासियों से अपील की है कि खांसी, जुकाम और बुखार जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी चिकित्सालय से संपर्क करें और स्वयं दवा लेकर इलाज न करें। उन्होंने हाथों की नियमित सफाई, खांसते और छींकते समय सावधानी बरतने तथा अनावश्यक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है।
