झांसी। जनपद में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत झांसी पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना मोठ पुलिस और साइबर सेल की तत्पर कार्रवाई से ऑनलाइन साइबर ठगी के शिकार हुए एक पीड़ित के 01 लाख 53 हजार रुपये वापस कराए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 मई 2026 को पीड़ित हरिदास महाराज ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार हो गए थे, जिसमें उनसे 1,53,000 रुपये की ठगी की गई थी। घटना के संबंध में पीड़ित द्वारा साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत प्राप्त होते ही साइबर सेल एवं थाना मोठ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक और अन्य माध्यमों से समन्वय स्थापित कर ठगी गई धनराशि को होल्ड कराया।
पुलिस महानिदेशक साइबर अपराध उत्तर प्रदेश के निर्देश, झांसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरि के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति के निर्देशन में साइबर सेल और थाना मोठ पुलिस की तकनीकी सहायता एवं लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पीड़ित की पूरी धनराशि वापस कराई जा सकी।धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित हरिदास महाराज ने झांसी पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
झांसी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
