झांसी। महानगर के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के शिवानी तिराहा स्थित शिवानी होटल के पास हुए खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। शुक्रवार देर रात हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार दो पक्षों के बीच हुए विवाद में गौरीशंकर कुशवाहा और मुरारी लाल कुशवाहा पर विरोधी पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान गौरीशंकर कुशवाहा की मौत हो गई, जबकि मुरारी लाल कुशवाहा का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही सीपरी बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा मामले में शामिल आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने बताया कि शुक्रवार देर रात शिवानी होटल के पास दो पक्षों के बीच झगड़े की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जांच में सामने आया कि गौरीशंकर कुशवाहा और मुरारी कुशवाहा पर विरोधी पक्ष के लोगों ने हमला किया था। हमले में घायल गौरीशंकर कुशवाहा की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है तथा अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
