झांसी। रेलवे सुरक्षा बल की 19वीं अखिल भारतीय श्वान प्रतियोगिता-2026 का शुक्रवार को झांसी में भव्य शुभारंभ हुआ और इसमें हिस्सा लेने वाले डॉग स्क्वॉड ने अपनी तेज़ी और कुशलता का ज़बरदस्त प्रदर्शन कर मौजूद लोगों को दांतो तले उंगलियां दबाने को मजबूर कर दिया ।
टीए कैंपस स्थित वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय के मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में 17 जोन के 73 प्रशिक्षित श्वान हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में विस्फोटक पदार्थों और नारकोटिक्स की पहचान के साथ ट्रैकिंग में उनकी ज़बरदस्त दक्षता देखने को मिली ।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इसके उपरांत वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। परेड कमांडर द्वारा मुख्य अतिथि से परेड प्रारंभ करने की अनुमति ली गई। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की।
इस दौरान विभिन्न जोन से आई रेलवे सुरक्षा बल की टुकड़ियों ने परेड कर सलामी दी। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
शुभारंभ समारोह में श्वानों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। शैडो और ड्यूक ने गुब्बारे फोड़े, जबकि बोल्ट ने आग की लपटों के बीच बने अवरोध को छलांग लगाकर पार किया। श्वानों ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत भी किया। फायर हर्डल, हर्डल और ट्रैकिंग सहित विभिन्न गतिविधियों के प्रदर्शन ने उनके प्रशिक्षण और अनुशासन को दर्शाया।
