झांसी। इलाहाबाद–झांसी स्नातक खंड एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने जनसंपर्क तेज कर दिया है। प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिलाध्यक्ष महेश कश्यप ने 18 अक्टूबर को गरौठा विधानसभा क्षेत्र के गुरसराय, एरच, पूंछ और समथर नगर पंचायत सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं से संपर्क किया। उन्होंने सपा के अधिकृत प्रत्याशी डॉ. मानसिंह यादव के पक्ष में मतदान की अपील की।
महेश कश्यप ने के.के. सिंह यादव और रामदास पटेल के साथ मतदाताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मानसिंह यादव विधान परिषद में शिक्षित बेरोजगार युवाओं, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, संविदाकर्मियों और वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय सहित उनसे जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।
उन्होंने मतदाताओं से इन मुद्दों को ध्यान में रखते हुए सपा प्रत्याशी के समर्थन में मतदान करने की अपील की।
