निजी अस्पताल पंजीकरण व्यवस्था निरीक्षण

निजी अस्पतालों के पंजीकरण व्यवस्था का मंडलस्तरीय निरीक्षण

झांसी। निजी चिकित्सालयों के पंजीकरण और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अपर निदेशक चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण झांसी मंडल डॉ. आर.के. सोनी के नेतृत्व में मंडलस्तरीय टीम ने  मां पीतांबरा केयर हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल के पंजीकरण से संबंधित अभिलेखों और प्रक्रियाओं की गहन समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान अपर निदेशक ने निजी चिकित्सालयों के पंजीकरण की कार्यवाही की जानकारी नोडल अधिकारी पंजीकरण एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष अग्निहोत्री से ली। उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया और संबंधित अभिलेखों का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डॉ. आर.के. सोनी ने झांसी जनपद में निजी चिकित्सालयों के पंजीकरण कार्य को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से संचालित किए जाने पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी और नोडल अधिकारी डॉ. आशीष अग्निहोत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि निजी स्वास्थ्य संस्थानों से संबंधित व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की दिशा में जनपद में प्रभावी कार्य किया जा रहा है।

अपर निदेशक ने सभी निजी चिकित्सालयों में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) को सक्रिय करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों से संबंधित स्वास्थ्य और चिकित्सकीय रिकॉर्ड को डिजिटल हेल्थ सिस्टम से जोड़ा जा सके। उन्होंने पंजीकरण संबंधी सभी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।

इसके साथ ही निजी चिकित्सालयों को हेपेटाइटिस-सी के उपचार के लिए सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए भी कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि हेपेटाइटिस-सी के उपचार के लिए सरकारी अस्पतालों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी पंजीकरण एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष अग्निहोत्री, एंटोमोलॉजिस्ट रविदास, मां पीतांबरा केयर हॉस्पिटल से डॉ. उपेंद्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

झांसी कृषि विश्वविद्यालय का दायरा फैलेगा चार शहरों तक

Latest from बुंदेलखंड

error: Content is protected !!