झांसी। जनपद में चिरगांव थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हत्या के मामले में वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, थाना चिरगांव में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 215/2026 की विवेचना के दौरान घायल नरेंद्र राजपूत की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) की बढ़ोतरी की गई। विवेचना के दौरान 30 अगस्त को घटना में शामिल तीन अन्य आरोपियों के नाम भी प्रकाश में आए, जिसके बाद मुकदमे में अन्य धाराएं बढ़ाई गईं।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम दबरा बुजुर्ग के पास गरौठा रोड पर बने प्रतीक्षालय से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बृजेंद्र अहिरवार (27), मनोज अहिरवार (34), चतर सिंह अहिरवार (59) और देवेंद्र (40), सभी निवासी ग्राम बरल, थाना चिरगांव, जनपद झांसी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी बृजेंद्र अहिरवार के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपियों को न्यायालय झांसी के समक्ष पेश करने के लिए भेज दिया गया। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक बकिराज शाही के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
