झांसी। महानगर में ग्वालियर रोड स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के दौरान सीमेंट की चादर टूटने से एक श्रमिक की मौत के मामले में घायल साथी ने ठेकेदार और भवन स्वामी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। घायल श्रमिक ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की है।
खजूर बाग नई बस्ती निवासी सुमित कुशवाहा ने थाना कोतवाली और सिद्धेश्वर नगर चौकी प्रभारी को शिकायत देने के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी प्रार्थना पत्र भेजा है। सुमित के अनुसार वह फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी एक ठेकेदार के यहां सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने का काम करता है। दो जुलाई को ठेकेदार ने उसे शैलेंद्र लिखार, रमेश वर्मा और मोनू वर्मा के साथ फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित एक मकान पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए भेजा था।

सुमित का आरोप है कि कार्य शुरू करने से पहले श्रमिकों ने करीब 20 फीट ऊंचाई पर सीमेंट की चादर पर चढ़कर काम करने को बेहद जोखिमपूर्ण और जानलेवा बताया था। इसके बावजूद ठेकेदार और भवन स्वामी ने बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के काम करने के लिए मजबूर किया। इसी दौरान सीमेंट की चादर टूट गई और सुमित व शैलेंद्र करीब 20 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
साथियों ने दोनों को अचेत अवस्था में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। उपचार के दौरान 21 जुलाई को शैलेंद्र लिखार की मौत हो गई। सुमित के अनुसार उसके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं तथा हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। उसका उपचार अभी जारी है।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद से ठेकेदार फोन नहीं उठा रहा है और उसने उनके मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिए हैं। सुमित ने ठेकेदार और भवन स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई तथा उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
