अगले वर्ष से झांसी नगर निगम मनाएगा अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद का जन्मोत्सव
झांसी। देश की आज़ाद करने के युद्ध में अपना सर्वस्व बलिदान कर देने वाले अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती के अवसर पर कृतज्ञ झांसीवासियों ने देश के अमर सपूत को याद किया ।

अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद स्मारक समिति, ओरछा के तत्वावधान में दीनदयाल सभागार, में ‘युवनाद सम्मान’ समारोह और भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति और बुंदेली संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। उपस्थित अतिथियों और नागरिकों ने उनके राष्ट्रप्रेम, त्याग, साहस और स्वाभिमान को नमन किया।
धन्य-धन्य बुंदेल धरा:
सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘धन्य-धन्य बुंदेल धरा’ ने उपस्थित जनसमूह को देशभक्ति और बुंदेली संस्कृति के रंग में सराबोर कर दिया। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर समाज, साहित्य,पत्रकारिता , शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को ‘युवनाद सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि महापौर बिहारी लाल आर्य ने अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के बलिदान को नमन करते हुए घोषणा की कि अगले वर्ष से झांसी नगर निगम द्वारा अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद का जन्मोत्सव भव्य और गरिमामय रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महान क्रांतिकारियों की स्मृतियों को जीवंत रखना और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुँचाना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक मनोज जी , जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, दुष्यंत चतुर्वेदी, आध्यात्मिक वक्ता यशोदा शंकर, संजीव श्रंगीरिशी, सत्यप्रकाश शर्मा, संजय पटवारी, राशि साहू और संजय राष्ट्रवादी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के जीवन, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक गौरव को मजबूत करने का आह्वान किया।
आयोजन के संयोजक एवं समिति के सचिव कवि सुमित ओरछा ने अतिथियों, सम्मानित विभूतियों, कलाकारों, साहित्यकारों, समाजसेवियों, मीडिया प्रतिनिधियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में झांसी और बुंदेलखंड सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में साहित्यकार,पत्रकार , शिक्षाविद, समाजसेवी, कलाकार, युवा और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
