झांसी । मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी के आदेश पर उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी पंजीकरण डॉ. आशीष अग्निहोत्री ने जनपद में संचालित शिवाय मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का निरीक्षण किया।

डॉ. आशीष अग्निहोत्री ने बताया कि 21 जुलाई को अस्पताल संचालक ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए चिकित्सालय का पंजीकरण निरस्त करने का अनुरोध किया था जिसके क्रम में हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया, परंतु निरीक्षण के समय अस्पताल संचालित अवस्था में पाया गया तथा अस्पताल में 5 मरीज भर्ती पाए गए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में अनियमितताएं और आवश्यक मानकों का उल्लंघन भी पाया गया। मौके पर अस्पताल संचालक को प्रशासन के माध्यम से बुलाया गया, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए।
इन परिस्थितियों में संचालक द्वारा पंजीकरण निरस्त करने के लिए दिए गए आवेदन तथा निरीक्षण के दौरान पाई गई अव्यवस्थाओं के आधार पर शिवाय मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया।
