झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान द्वारा आयोजित होने वाली ‘बुंदेली वसुधा’ कार्यशाला और फाइन आर्ट फेयर-2026 के आधिकारिक पोस्टर का मंगलवार को कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय ने विमोचन किया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के 31वें दीक्षांत समारोह के अंतर्गत प्रस्तावित कला आयोजनों की औपचारिक शुरुआत हो गई।

पोस्टर विमोचन समारोह में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों, शिक्षकों और कला जगत से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि यह आयोजन बुंदेलखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को कला के माध्यम से नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
आयोजकों के अनुसार ‘बुंदेली वसुधा’ कार्यशाला में युवा कलाकारों, विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अनुभवी कलाकारों के मार्गदर्शन में अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। वहीं फाइन आर्ट फेयर-2026 चित्रकला, मूर्तिकला, ग्राफिक कला, प्रिंटमेकिंग और समकालीन कला के प्रदर्शन, बिक्री और संवाद का मंच बनेगा।
विश्वविद्यालय का मानना है कि यह आयोजन स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने, कला के क्षेत्र में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और बुंदेलखंड की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार, प्रो. पुनीत बिसारिया, प्रो. मुन्ना तिवारी, प्रो. एस.पी. सिंह, डॉ. जितेंद्र बबेले, डॉ. कौशल त्रिपाठी, गोविंद यादव सहित अनेक शिक्षक और कला प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन समन्वयक डॉ. श्वेता पांडेय ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कलाकारों और विद्यार्थियों से आगामी आयोजनों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
