ठगी के आरोपी गिरफ्तार

फर्जी कंपनी की आड़ में नौकरी का झांसा देकर ठगी करने के 08आरोपी गिरफ्तार

//

झांसी। फर्जी कंपनी की आड़ में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों को बंधक बनाने और उनसे हजारों रुपये वसूलने वाले गिरोह का झांसी पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

यहां पुलिस लाइन में पत्रकारों को इस बारे में जानकारी देते हुए एसएसपी विकास कुमार ने बताया कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिजौली चौकी अंतर्गत एल्डिको राजगढ़ स्थित कृष्णा कॉम्प्लेक्स में संचालित एक कार्यालय पर छापेमारी कर पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके पर बंधक बनाकर रखे गए 50 महिला और पुरुषों को पुलिस ने सकुशल मुक्त कराया और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।ठगी  के आरोपी गिरफ्तारपुलिस के अनुसार साइबर अपराध और फर्जी कंपनियों के माध्यम से लोगों को नौकरी का झांसा देकर ठगी तथा उन्हें बंधक बनाए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन और सूचना संकलन के बाद पुलिस ने प्रेमनगर थाना क्षेत्र में स्थित एम/एस मां लक्ष्मी एसोसिएट के कार्यालय पर कार्रवाई की।

साइबर थाना, बबीना और बरुआसागर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक कार्यालय में कुल 50 महिला और पुरुषों को अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा गया था, जिन्हें कार्रवाई के दौरान मुक्त कराया गया।

ऐसे बिछाते थे जाल:

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुनियोजित तरीके से लोगों को नौकरी दिलाने का लालच देकर अपने कार्यालय बुलाते थे। वहां पहुंचने के बाद उन्हें धमकाकर बंधक बना लिया जाता था। बंधक बनाए गए लोगों से उनके परिचितों और अन्य लोगों को फोन करवाकर नौकरी का झांसा दिया जाता और नए लोगों को भी जाल में फंसाया जाता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी एंट्री फार्म के नाम पर प्रत्येक व्यक्ति से 1100 रुपये लेते थे। इसके बाद नौकरी शुरू कराने के नाम पर 25 हजार से 30 हजार रुपये तक नकद वसूले जाते थे। बाद में नेटवर्किंग और मल्टी लेवल मार्केटिंग के नाम पर भी लोगों से धनराशि लगवाकर अवैध आर्थिक लाभ कमाया जाता था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य पहले वाराणसी और लखनऊ में भी इसी तरह के फर्जी कार्यालय संचालित कर चुके हैं। वहां पुलिस की कार्रवाई में गिरोह से जुड़े कुछ लोगों को करीब दो-तीन माह पहले गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। इसके बाद गिरोह के कुछ सदस्य झांसी आ गए और यहां किराए पर कार्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र बनाकर पिछले दो-तीन माह से इसी तरह की गतिविधियां संचालित कर रहे थे।

बरामद हुआ सामान :ठगी  के आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से साइबर अपराध में प्रयुक्त आठ मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। इसके अलावा 52 स्टांप पेपर, छह रजिस्टर, पांच कॉपियां, छह डायरी, नौ प्रमाण-पत्र, आवेदन फार्म की नौ जिल्द, एक कैशबुक, तीन इन्क्वायरी बुक और एक टीवीएस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

मामले में साइबर थाना झांसी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ ही साइबर ठगी से जुड़ी धनराशि, पीड़ितों की संख्या, इस्तेमाल किए गए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल माध्यमों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

हत्या के मामले में दोषी को 08 साल 03 माह की सजा

Next Story

झांसी में अनोखा राजनीतिक कार्यक्रम, तुलादान के बाद सिक्कों पर टूटे कार्यकर्ता

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!