झांसी। जनपद में अवैध चिकित्सीय गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अनधिकृत पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन को सीज कर दिया। यह कार्रवाई मेडिकल कॉलेज के सामने करगुवांजी मंदिर के पास स्थित एक मकान के किराए के कमरे में की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशासन को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिना वैध अनुमति के पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के माध्यम से अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड जांच कर रहे हैं। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दूरभाष के माध्यम से नगर मजिस्ट्रेट एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अवगत कराया गया। अधिकारियों की अनुमति के बाद विधिक कार्रवाई शुरू की गई।

निरीक्षण के दौरान कमरे में दो व्यक्ति मौजूद मिले और पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन चालू अवस्था में पाई गई। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम को देखकर दोनों व्यक्ति मौके से फरार हो गए। उनकी गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट की अनुमति से मौके पर सीजिंग की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान टीम ने एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, दो मोबाइल फोन, एक कैमरे का डीवीआर, दो मोबाइल चार्जर और एक एडाप्टर बरामद कर सीज कर लिया। जब्त किया गया समस्त सामान नगर मजिस्ट्रेट एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी की उपस्थिति में नोडल अधिकारी/उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अभिरक्षा में सुरक्षित रखवाया गया है।
जांच में पता चला कि संबंधित मशीन करगुवांजी मंदिर के पास स्थित मकान संख्या-122 में रखी गई थी। मकान स्वामी सौरभ कुमार जैन ने अधिकारियों को बताया कि संबंधित कमरा प्रिंकित नामक व्यक्ति को किराए पर दिया गया था। निरीक्षण के दौरान भवन के ऊपरी हिस्से में मेडिकल संबंधी व्यवसाय संचालित होता पाया गया, जबकि भवन के एक अन्य हिस्से में मकान मालिक द्वारा पेंट की दुकान संचालित की जा रही थी।
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि सीजिंग की पूरी कार्रवाई सौरभ कुमार जैन और विशाल कुशवाहा की उपस्थिति में संपन्न कराई गई। मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
