झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (बीयू) के लिए मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। विश्वविद्यालय के भास्कर इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज्म (बीआईएमसीजे) ने प्रतिष्ठित इंडिया टुडे-एमडीआरए बेस्ट कॉलेजेस रैंकिंग 2026 में पहली बार भाग लेते हुए स्नातक मास कम्यूनिकेशन एवं जर्नलिज्म श्रेणी में देशभर में 42वीं रैंक हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ संस्थान ने राष्ट्रीय स्तर के शीर्ष 50 मीडिया संस्थानों में अपनी जगह बनाई है।

इस उल्लेखनीय सफलता के बाद भास्कर इंस्टीट्यूट देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे आईआईएमसी, नई दिल्ली, सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय तथा मनिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ कम्यूनिकेशन (एमएएचई) की श्रेणी में शामिल हो गया है। साथ ही संस्थान ने उत्तर प्रदेश में शीर्ष पांच संस्थानों में स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मुकेश पाण्डेय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष संस्थानों में स्थान प्राप्त करना विश्वविद्यालय में शैक्षणिक उत्कृष्टता के विकसित होते प्रतिमानों का प्रमाण है।
संस्थान के समन्वयक डॉ. कौशल त्रिपाठी ने कहा कि यह राष्ट्रीय पहचान संस्थान की पूरी टीम के समर्पण और अथक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने अपने सहयोगी डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. राघवेंद्र दीक्षित तथा शोधार्थियों देवेंद्र और अतीत विजय के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
वैभव सिंह
