झांसी।जनपद में थाना चिरगांव क्षेत्र के ग्राम देवरा में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार सुबह प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलने पर गांव में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। इस दौरान लोगों ने गांव की अन्य समस्याओं और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई को लेकर भी नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, थाना प्रभारी राहुल राठौर, एसएसआई आनंद सिंह सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले में निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, रवि आजाद सहित अन्य पदाधिकारियों ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित कराने, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा संबंधित भूमि के सत्यापन की मांग उठाई। उनका कहना था कि ऐसी घटनाएं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने का प्रयास हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस के अनुसार 25 जून को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम देवरा में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। साथ ही क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है तथा एहतियात के तौर पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।या, जबकि आभार मनोज श्रीवास ने व्यक्त किया।
