आईजी आकाश कुलहरि

आईजी आकाश कुलहरि परिक्षेत्र में अपराधियों पर सख्त, मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश

झांसी। झांसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक(आईजी) आकाश कुलहरि ने सोमवार को कैंप कार्यालय में झांसी, जालौन और ललितपुर के पुलिस अधिकारियों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की स्थिति, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा महिला सुरक्षा समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

त्योहारों को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश

आईजी ने आगामी त्योहारों और अन्य सार्वजनिक आयोजनों को देखते हुए पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने पैदल गश्त, चेकिंग अभियान और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि बीट सिपाही से लेकर थाना, चौकी और सर्किल स्तर तक सभी अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें।

हत्या, लूट और डकैती के मामलों में शीघ्र कार्रवाई पर जोर

बैठक में हत्या, लूट, डकैती, चोरी, गृहभेदन, महिला एवं बाल अपराध, पॉक्सो, एससी-एसटी उत्पीड़न और अन्य गंभीर अपराधों की समीक्षा की गई। आईजी ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में विशेष टीमें गठित कर घटनाओं का शीघ्र अनावरण किया जाए तथा आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी सुनिश्चित की जाए।

छह माह से अधिक लंबित विवेचनाओं की होगी विशेष समीक्षा

आईजी ने लंबित विवेचनाओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि छह माह से अधिक समय से लंबित मामलों की अलग से समीक्षा की जाए। जिन मामलों में गिरफ्तारी और बरामदगी हो चुकी है, उनमें अनावश्यक देरी न करते हुए तत्काल विवेचना पूरी कर न्यायालय में प्रेषित किया जाए।

गैंगस्टर और माफियाओं की संपत्तियों पर होगी कार्रवाई

बैठक में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए अपराधियों की संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही टॉप-10 अपराधियों, इनामी बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों और चिन्हित माफियाओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा उनकी सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।

महिला सुरक्षा और मिशन शक्ति अभियान पर विशेष फोकस

महिला सुरक्षा को लेकर संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान की समीक्षा करते हुए आईजी ने महिला बीट अधिकारी ‘शक्ति दीदी’ को गांवों, कस्बों, स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय रखते हुए शोहदों और अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जनसुनवाई में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को प्राथमिकता

आईजी ने निर्देश दिए कि सभी जनपद प्रभारी, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से जनसुनवाई करें। फरियादियों के साथ अच्छा व्यवहार सुनिश्चित किया जाए तथा महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।

ऑपरेशन दहन के तहत चलेगा विशेष अभियान

एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत जब्त मादक पदार्थों और अन्य अवैध सामग्री के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन दहन’ की समीक्षा करते हुए आईजी ने तीन माह के विशेष अभियान के तहत अधिक से अधिक माल का विनिष्टीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अवैध शराब, मादक पदार्थ और पशु तस्करों पर कड़ी नजर

बैठक में अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ, सट्टा, अवैध हथियारों और विस्फोटक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही पशु तस्करों, वाहन चोरों और अन्य पेशेवर अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी निगरानी बढ़ाने को कहा गया।

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और यूपी-112 की समीक्षा

आईजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही यूपी-112 पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी बीबीजीटीएस मूर्ति, पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक ललितपुर मोहम्मद मुश्ताक, प्रभारी एडी अजय कुमार मिश्रा, सीओ एलआईयू अनिल कुमार पांडेय, एआरओ (रेडियो) समर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा ने सभी विधायक प्रतिनिधियों को किया कार्यमुक्त

Next Story

किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस

Latest from बुंदेलखंड

error: Content is protected !!