झांसी। जनपदवासियों की शिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापरक निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट परिसर में 5 जनसंवाद डेस्क की शुरुआत की। मंगलवार को जिलाधिकारी ने फीता काटकर जनसंवाद डेस्क का शुभारंभ किया तथा वहां तैनात कर्मचारियों से संवाद कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनतादर्शन में आने वाले सभी शिकायतकर्ताओं की शिकायतों का रिकॉर्ड जनसंवाद डेस्क पर जांचा जाएगा। यह देखा जाएगा कि शिकायतकर्ता पहली बार आया है या पहले भी उसी शिकायत को लेकर उपस्थित हो चुका है। यदि कोई शिकायतकर्ता दूसरी या तीसरी बार आता है, तो पूर्व में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट के साथ उसे प्रभारी अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा और निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनतादर्शन में प्राप्त सभी शिकायतों को प्रभारी अधिकारी की मार्किंग के बाद आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कर संबंधित विभागों को समय से निस्तारण हेतु भेजा जाएगा। इसके अलावा शिकायतों के निस्तारण के बाद जनसंवाद डेस्क पर तैनात कर्मचारी शिकायतकर्ताओं से मोबाइल फोन के माध्यम से फीडबैक भी प्राप्त करेंगे।

शिकायतों के बेहतर प्रबंधन के लिए राजस्व, विकास, खाद्य एवं रसद, विद्युत तथा अन्य विभागों की शिकायतों हेतु अलग-अलग रजिस्टर तैयार किए गए हैं। कर्मचारियों द्वारा शिकायतकर्ताओं से यह भी जानकारी ली जाएगी कि उनकी शिकायत के निस्तारण के लिए किस अधिकारी या कर्मचारी ने संपर्क किया तथा क्या स्थलीय निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन शिकायतों पर असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त होगा, उन्हें पुनः गुणवत्तापरक निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारी को भेजा जाएगा। संबंधित अधिकारी को शिकायतकर्ता को संतुष्ट करना अनिवार्य होगा।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
