झांसी महानगर में कोतवाली थान क्षेत्र अंतर्गत पुरानी पसरट स्थित चूड़ी वाली गली में सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब लगातार हो रही बारिश के बीच एक पुराने मकान के कच्ची दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। दीवार गिरने से दंपती मलबे में दब गए ।
मलबे में दबे दंपती मुकेश कुमार ताम्रकार और उनकी पत्नी सूरज देवी दोनों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान सूरज देवी की मौत हो गई। वहीं, मुकेश कुमार का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
दीवार गिरने की आवाज सुनकर जुटे लोग, पुलिस ने शुरू किया रेस्क्यू
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मलबे में दबे पति-पत्नी को बाहर निकाला गया।
दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उपचार के दौरान सूरज देवी ने दम तोड़ दिया, जबकि उनके पति मुकेश कुमार का इलाज जारी है।
एसपी सिटी ने दी घटना की जानकारी
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि मकान का हिस्सा गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मकान के पिछले हिस्से की गिरी दीवार के नीचे मुकेश कुमार और उनकी पत्नी सूरज देवी दबे हुए थे। दोनों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। उपचार के दौरान सूरज देवी की मृत्यु होने की सूचना मिली, जबकि मुकेश कुमार का उपचार जारी है।
एसपी सिटी ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था कायम है।
प्रशासन ने परिवार को चार लाख रुपये की सहायता का भरोसा दिया
हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। नायब तहसीलदार झांसी मुकेश कुमार सिंह और क्षेत्रीय लेखपाल भूपेंद्र कुशवाहा ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार की स्थिति की जानकारी ली।
प्रशासन की ओर से मृतका के परिवार को दैवीय आपदा के अंतर्गत चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता जल्द से जल्द उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं घायल मुकेश कुमार के निःशुल्क उपचार की व्यवस्था कराने के साथ ही परिवार को नियमानुसार अन्य आवश्यक आर्थिक एवं प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
बारिश के बीच हादसे से मचा हड़कंप
मकान की दीवार अचानक गिरने से इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। बारिश के बीच हुए इस हादसे से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर सक्रिय रहीं तथा राहत एवं बचाव कार्य के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
वैभव सिंह
