ऑनलाइन सट्टा भंडाफोड़

ऑनलाइन सट्टा भंडाफोड़: दो महिला सट्टेबाज गिरफ्तार, करोड़ों की संपत्ति बरामद

//

झांसी। जनपद में ऑनलाइन सट्टा और जुआ सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सीपरी बाजार पुलिस और विशेष टीम ने रॉयल सिटी स्थित एक फ्लैट पर छापेमारी कर दो महिला सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति, भारी मात्रा में सोना-चांदी, नकदी, मोबाइल फोन, लैपटॉप और सट्टा संचालन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।

रॉयल सिटी होता था संचालन

पुलिस के अनुसार सीपरी बाजार क्षेत्र स्थित रॉयल सिटी के एलएस ब्लॉक के फ्लैट नंबर-9 में ऑनलाइन सट्टा संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने छापा मारकर वहां से यशस्वी द्विवेदी (24) निवासी सीपरी बाजार तथा निशा खान (32) निवासी प्रेमनगर को गिरफ्तार कर लिया।

बरामद हुई अवैध संपत्ति

छापेमारी के दौरान फ्लैट से करीब 18 लाख 92 हजार 300 रुपये नकद, एक करोड़ 46 लाख रुपये मूल्य के सोने के बिस्कुट एवं आभूषण, लगभग 11 लाख रुपये की चांदी, एक लैपटॉप, 12 मोबाइल फोन तथा ऑनलाइन सट्टे से संबंधित रजिस्टर और दस्तावेज बरामद किए गए।बरामद हुई अवैध संपत्ति पूछताछ में दोनों महिलाओं ने स्वीकार किया कि फ्लैट में ऑनलाइन सट्टा खिलाने का कार्य किया जाता था। उन्होंने बताया कि बरामद संपत्ति ऑनलाइन सट्टे से कमाई  गई थी। महिलाओं ने यह भी बताया कि आरक्षी रजत सिंह कुछ दिन पहले यह संपत्ति  उनके पास रखवा कर गया था।

महिलाओं के बयान के आधार पर पुलिस ने सुमित साहू निवासी प्रेमनगर, आशीष उपाध्याय निवासी कोतवाली, विशेष भार्गव निवासी सीपरी बाजार तथा प्रभात अग्रवाल निवासी प्रेमनगर समेत अन्य लोगों के नाम प्रकाश में आने की बात कही है। आरोप है कि ये सभी लोग फ्लैट पर आकर मोबाइल फोन और लैपटॉप के माध्यम से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते थे। मैच समाप्त होने के बाद अवैध कमाई का बंटवारा किया जाता था और महिलाओं को भी हिस्सा दिया जाता था।

इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि सट्टे के खिलाफ गठित विशेष टीम को बड़ी सफलता मिली है। गिरफ्तार महिलाएं संगठित गिरोह की सदस्य थीं और अपने फ्लैट से सट्टा संचालन का काम करती थीं। मामले की जांच के बाद ग्रामीण क्षेत्र के एक थाने में तैनात आरक्षी रजत कुमार को निलंबित कर दिया गया है।

एसएसपी ने कार्रवाई में शामिल टीम, विशेष रूप से अपर पुलिस अधीक्षक अरीबा नोमान तथा एसपी सिटी प्रीति सिंह की सराहना करते हुए पूरी टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही  है।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

पूर्व सपा विधायक दीपनारायण सिंह यादव की 24.28 करोड़ की संपत्ति कुर्क

Latest from Jhansi

वैज्ञानिक विधि से ककोड़ा की खेती कर किसान कम समय में करें अधिक आय अर्जित  : डॉ. आशुतोष सिंह

झांसी। रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी के कृषि वैज्ञानिक डॉ. आशुतोष सिंह ने किसानों को

error: Content is protected !!