झांसी। जनपद के मोंठ तहसील क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खिरिया घाट और तालौड़ में खनन के लिए इस्तेमाल हो रहे रास्ते को खुदवा कर बंद करा दिया। एसडीएम अवनीश तिवारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मोंठ थाना क्षेत्र के खिरिया घाट और शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के तालौड़ से रात-दिन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए अवैध बालू का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एक विशेष रास्ते का उपयोग लंबे समय से अवैध खनन के लिए किया जा रहा था। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन से रास्ते की खुदाई कराकर उसे पूरी तरह बाधित करा दिया गया, जिससे खनन कार्य पर रोक लग सके।
एसडीएम अवनीश तिवारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खनन गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने और दोबारा ऐसी शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में खलबली मच गई है। वहीं स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगेगी।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन
