झांसी | उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड्स के पदों पर एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा का द्वितीय दिवस रविवार को झांसी जनपद में कड़ी सुरक्षा एवं निगरानी के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। नगर के 28 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई।
परीक्षा नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल के अनुसार प्रथम पाली में 11,424 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 8,731 उपस्थित और 2,693 अनुपस्थित रहे जबकि द्वितीय पाली में 11,424 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 8,817 उपस्थित तथा 2,607 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 5300 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।

कानपुर जोन के एडीजी आलोक कुमार सिंह ने जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के साथ बुंदेलखंड महाविद्यालय परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कमांड कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी, रिकॉर्डिंग व्यवस्था और परीक्षा कक्षों का जायजा लिया।
नगर के प्रमुख चौराहों, तिराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात पुलिस की तैनाती की गई थी, जिससे परीक्षा के दौरान आवागमन सुगम बना रहा। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे।
परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए जनपद में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-163 लागू रही, जिसका अधिकारियों द्वारा सख्ती से अनुपालन कराया गया।एडीजी ने परीक्षा केंद्रों पर गर्मी को देखते हुए पेयजल, शौचालय, विद्युत और रैम्प जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला शिक्षिकाओं द्वारा कराई गई। साथ ही संदिग्ध वस्तुओं को अलग कक्ष में जमा कराने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।
अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने परीक्षा के सफल संचालन पर समस्त पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को बधाई दी।
वैभव सिंह
