50 विधायकों के पुतले

 बुंदेलखंड राज्य की मांग पर बुंनिमो ने  फूंके 50 विधायकों के पुतले

//
झांसी। बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा (बुंनिमो) ने कचहरी चौराहे पर प्रदर्शन किया। मोर्चा अध्यक्ष भानु सहाय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुंदेलखंड क्षेत्र के 50 विधायकों के सामूहिक पुतले फूंके और ‘बुंदेलखंड के विधायकों शर्म करो, बुंदेलखंड राज्य की बात करो’ के नारे लगाए।
मोर्चा ने दावा किया कि झांसी सदर विधायक रवि शर्मा, चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत समेत सात विधायक बुंदेलखंड राज्य के समर्थन में हैं, इसलिए उनके पुतले नहीं फूंके गए। भानु सहाय ने कहा कि बुंदेलखंड राज्य बनाने का वादा तीन वर्ष में पूरा करने की बात कही गई थी, लेकिन 12 वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि इसी को लेकर ‘तुम्हें प्रभु राम कौ कोल (कसम)’ अभियान शुरू किया जा रहा है। मोर्चा के अनुसार 21 अक्टूबर से झांसी में अनशन और सत्याग्रह शुरू किया जाएगा। संगठन ने कहा कि आगामी चुनावों में बुंदेलखंड राज्य की मांग को प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा और इस अभियान के तहत लोगों को जोड़ा जाएगा।
मोर्चा ने क्षेत्र में स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा से जुड़ी मांगें भी उठाईं। इनमें मेडिकल कॉलेजों, सरकारी अस्पतालों और सीएचसी-पीएचसी में रिक्त पद भरने, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को 100 प्रतिशत सरकारी सहायता प्राप्त संस्थान बनाने, महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज को एम्स के रूप में उच्चीकृत करने तथा क्षेत्र में संचालित अवैध नर्सिंग होम की समयबद्ध जांच कराने की मांग शामिल है।
प्रदर्शन में अशोक सक्सेना एडवोकेट, रघुराज शर्मा, उत्कर्ष साहू, प्रदीप नाथ झा एडवोकेट, अनुराग मिश्रा एडवोकेट, सचिन साहू एडवोकेट, नरेश वर्मा, गोलू ठाकुर, प्रेम सपेरा, प्रभुदयाल कुशवाहा, अनिल कश्यप, राजेश लोहिया, राजपाल सिंह बुंदेला सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

झांसी रेल मंडल : दशकों बाद विधवा को मिला पेंशन संशोधन का लाभ

Next Story

टैक्स पूरा, सड़कें बदहाल, सपा ने उठाये तीखे सवाल

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!