ललितपुर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा शुक्रवार को ललितपुर जिले के जखौरा स्थित टेकरी सरकार मंदिर पहुंची।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव चंद्रभूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) के संयोजन में यात्रा में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, बुंदेलखंड क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता राजेंद्र शर्मा एडवोकेट, सामाजिक कार्यकर्ता अमित त्रिपाठी, अनुसूचित जाति के जिलाध्यक्ष जीतू राजा श्रीवास, देवेंद्र यादव सहित अन्य सनातन यात्री शामिल हुए। सभी ने टेकरी सरकार मंदिर में दर्शन कर माथा टेका।
इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि राम मंदिर के नाम पर वोट मांगने वाले मंदिर की चंदा चोरी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के नाम पर चंदा चोरी करने वालों को सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं है और इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
