सपा ने उठाये तीखे सवाल

टैक्स पूरा, सड़कें बदहाल, सपा ने उठाये तीखे सवाल

//

झांसी । समाजवादी पार्टी (सपा) ने  महानगर की बदहाल सड़कों को लेकर शासन प्रशासन से  सवाल किये कि  जनता से हाउस टैक्स और वाटर टैक्स समेत विभिन्न करों की नियमित वसूली के बावजूद आखिर  सड़कें  गड्ढा मुक्त क्यों नहीं हो पा रहीं हैं ।

वरिष्ठ सपा नेता अरविंद वशिष्ठ के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं  ने महानगर के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर जगह-जगह मिले गहरे गड्ढों और सड़क की खराब स्थिति को लेकर जिम्मेदार विभागों पर निशाना साधा।

उन्नाव गेट बाहर एवं अंदर, कचहरी चौराहा, जीवनशाह चौराहा, फिल्टर रोड, दतिया गेट बाहर एवं अंदर और लक्ष्मी गेट सहित विभिन्न क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान सड़कें जगह-जगह क्षतिग्रस्त मिलीं। अरविंद वशिष्ठ ने कहा कि जब जनता समय पर टैक्स अदा कर रही है तो उसके बदले सुरक्षित, सुगम और बेहतर सड़कें मिलना भी उसकी अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि कर वसूली में प्रशासन सक्रिय है, लेकिन नागरिक सुविधाओं की स्थिति उसी अनुपात में नजर नहीं आ रही।

श्री  वशिष्ठ ने कहा कि महानगर की सड़कों पर गड्ढे वाहन चालकों के साथ बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। उन्होंने मांग की कि संबंधित अधिकारी पूरे महानगर की सड़कों का सर्वे कराकर गड्ढों को तत्काल भरवाएं और केवल खानापूर्ति के बजाय गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कराया जाए।

उन्होंने कहा कि जनता से टैक्स लेने के साथ उसकी बुनियादी सुविधाओं की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। विकास के दावों का आकलन सड़कों की वास्तविक स्थिति और नागरिकों को मिल रही सुविधाओं से होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी सड़क, जलभराव, यातायात और गड्ढों से जुड़ी समस्याएं नेताओं को बताईं। इस अवसर पर संतोष रायकवार, मनोज यादव, मनीष कश्यप, सौरभ राय, मदन पांचाल और आलोक ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

 बुंदेलखंड राज्य की मांग पर बुंनिमो ने  फूंके 50 विधायकों के पुतले

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!