झांसी। नवरात्रि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए नगर विधायक रवि शर्मा ने बुधवार को नगर निगम समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विसर्जन मार्गों पर गड्ढे, नालियों की सफाई, विद्युत तारों और सड़क लीकेज जैसी समस्याओं को जल्द दूर कराने के निर्देश दिए।
विधायक और अधिकारियों की टीम ने गंधीगर का टपरा से निरीक्षण शुरू कर खटकयाना, मानिक चौक, मालिनों का चौराहा और सिंधी चौराहा सहित प्रमुख मार्गों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से मौके पर ही चर्चा की गई।
श्री शर्मा ने कहा कि नवरात्रि और विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु इन मार्गों से गुजरेंगे। ऐसे में सड़कों को गड्ढामुक्त करने, नालियों की सफाई कराने, नीचे लटक रहे विद्युत तारों को सुरक्षित करने और सड़क पर हो रहे लीकेज की तत्काल मरम्मत कराने को कहा गया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन कार्यक्रम से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।
