चौधरी पेंट्स के प्रमुख प्रतिष्ठान में भीषण आग

 चौधरी पेंट्स के प्रमुख प्रतिष्ठान में भीषण आग, चार दिन में चौथी घटना से उठे सवाल

/

झांसी। शहर के व्यस्त गांधी रोड बाजार में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब चौधरी पेंट्स के प्रमुख प्रतिष्ठान में अचानक भीषण आग लग गई। दोपहर करीब तीन बजे लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ा। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों ने रास्ता खाली कराकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। आग की लपटें तेज होने के कारण आसपास की दुकानों को एहतियातन खाली करा दिया गया। बताया गया कि दुकान में मौजूद अग्निशमन यंत्र भी आग पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर सके।

गौरतलब है कि चौधरी पेंट्स से जुड़ी आग की यह चार दिनों में चौथी घटना है। इससे पहले फर्म के प्रमुख प्रतिष्ठान के सड़क पार स्थित गोदाम में 28 जून की रात आग लगी थी। इसके बाद 29 जून को सुबह करीब 11 बजे और उसी दिन शाम करीब 4 बजे फिर आग लगने की घटनाएं सामने आई थीं। अब 01 जुलाई को चौधरी पेंट्स के मुख्य प्रतिष्ठान में आग लगने से व्यापारिक क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

एक ही पेंट व्यापारी के गोदाम और प्रमुख प्रतिष्ठान में लगातार आग लगने की घटनाओं ने हादसे के साथ-साथ संभावित साजिश की आशंका को भी जन्म दिया है। हालांकि, आग लगने के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

फिलहाल प्रशासन और दमकल विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ये घटनाएं महज दुर्घटना थीं या इनके पीछे कोई अन्य वजह है।

खबर लिखे जाने तक दमकलकर्मी आग बुझाने के लिए लगातार मशक्कत कर रहे थे।

वैभव सिंह
बुंदेलखंड कनेक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Previous Story

गुरसरांय के अधिवक्ता निमिष अडजरिया को सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति ने किया सम्मानित

Next Story

रेलवे क्रॉसिंग के पास मिले युवक के शव मामले में परिजनों ने उठाए सवाल

Latest from Jhansi

error: Content is protected !!