झांसी। थाना टोड़ी फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम बुढाई में दो दिन पूर्व हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार ग्राम बुढाई निवासी रजनी अहिरवार (35) की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद थाना टोड़ी फतेहपुर में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस को गांव निवासी रक्षपाल बघेल पुत्र श्याम सिंह (43) पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। रविवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना पुलिस ने आरोपी रक्षपाल बघेल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।
